रविवार, 30 नवंबर 2014

अब खुद को आतंकवाद से बचाने में जुटा पाकिस्तान

कविता जोशी.नई दिल्ली

भारत में जम्मू-कश्मीर में दशकों से आतंकवाद को बढ़ावा देने वाला पाकिस्तान अब खुद को इससे बचाने की जुगत लगाने में जुटा है। मसला है पाकिस्तान के अफगानिस्तान सीमा से लगे बलूचिस्तान का है जहां इन दिनों अफगान सीमा से लगातार हो रही आतंकवादियों की घुसपैठ को रोकने के लिए पाक ने कंटीली तारों की बाड़ लगाने का काम शुरू किया है। सरकार के खुफिया ब्यूरो के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान को डर है कि बलूचिस्तान में लगी अफगान सीमा से आतंकियों की घुसपैठ को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। बलूचिस्तान में पाक विरोधी स्वर लंबे समय से गूंज रहे हैं। पाक अफगानिस्तान के साथ करीब 2 हजार 640 किमी. लंबी सीमा साझा करता है, जिसमें बलूचिस्तान की बड़ी भागीदारी है। सेना के सूत्रों ने भी पाक की इस गतिविधि की पुष्टि की है।

एलओसी पर किया था विरोध
आज अपनी सीमा पर हो रही आतंकी घुसपैठ रोकने के लिए बाड़ लगाने वाले पाकिस्तान ने 90 के दशक में 772 किमी. लंबी एलओसी पर भारत की इसी पहल का कड़ा विरोध किया था। उसके विरोध की वजह से ही भारत को कंटीली तारों की बाड़ वास्तविक एलओसी से हटकर अपने इलाके में लगानी पड़ी। रक्षा संबंधी जानकार कहते हैं, पाक का विरोध इतना भयावह था कि भारतीय सेना व इस काम में लगी अन्य एजेंसियों को अपना ज्यादातर काम रात में पूरा करना पड़ा। दिन के उजाले में पाक सेना विरोध जताने के लिए भारी गोलीबारी करती थी। कंटीली तारों की बाड़ के विरोध में पाक कहता था कि भारत इससे दोनों पक्षों के बीच हुए द्विपक्षीय समझौते से लेकर इस क्षेत्र के लिए लागू संयुक्त राष्ट के घोषणापत्र का भी उल्लंधन कर रहा है। उस दौरान यूरोपियन यूनियन ने भारत की सीमा पर फेंस लगाने की पहल का समर्थन किया था।

भारत का 2004 में खत्म हुआ कार्य
भारत ने वर्ष 1990 में जम्मू-कश्मीर में पाक संग लगने वाली नियंत्रण रेखा के पास बाड़ लगाने का मसला उठाया, जो 2000 की शुरूआत में जाकर हल हुआ। वर्ष 2003 के सीजफायर समझौते के बाद भारत ने कंटीली तारों की बाड़ लगाने का काम शुरू किया जो कि 2004 के अंत में जाकर पूरा हुआ। सेना के सूत्रों का कहना है कि एलओसी पर कंटीली तारों की बाड़ लगाने से पीओके की तरफ से रोजाना सीमा पार करने वाले आतंकवादियों की गतिविधियों में 80 फीसदी की गिरावट आई है।

ऐसी है पाक की बाड़
पाकिस्तान 6 भागों में बंटा हुआ है। इसमें बलूचिस्तान, सिंध, पंजाब, फाटा (फैडरली एडमिस्टर्ड ट्राइबल एरिया), एनडब्ल्यूएफपी (नार्थ वेस्ट फ्रंटीयर प्रोविंस), गिलगित-बाल्टिस्तान, पाक अधिकृत कश्मीर शामिल है। पाक ने बलूचिस्तान में अफगानिस्तान से लगी सीमा पर कटीली तार (ट्रेंच) लगाने का काम शुरू किया है। यह 8 फीट गहरी और 10 फीट चौड़ी है। इसके बीच में कंटीली तार लगाई जाएंगी।

गौरतलब है कि बलूचिस्तान में पाक विरोधी स्वर लंबे समय से उठ रहे हैं। इस सीमा पर बाड़ लगाने के पीछे पाक का वो डर है जिसमें उसे लगता है कि अगर विरोध को दबाया नहीं गया तो आगे चलकर बलूचिस्तान भी कहीं दूसरा बांग्लादेश बन जाए। इस इलाके की ज्यादातर आबादी शिया मुसलमानों की है। इनका पाक के बाकी इलाकों में मौजूद सुन्नी मुस्लिम आबादी से छत्तीस का आंकड़ा रहता है। बीते कुछ समय में बलूचिस्तान की सिया मुस्लिम आबादी में 95.5 से 60 फीसदी पर आ गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें