सोमवार, 23 फ़रवरी 2015

‘महिला सशक्तिकरण’ थीम के साथ मनाया जाएगा अंतरराष्ट्र्रीय महिला दिवस

कविता जोशी.नई दिल्ली

अगले महीने 8 मार्च को मनाए जाने वाले ‘अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस’ को भारत में महिला सशक्तिकरण थीम के साथ मनाया जाएगा। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने इसके लिए एक ब्लू प्रिंट भी तैयार किया है, जिसमें इस बार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रमों की शुरूआत केंद्रीय भारत स्थित छत्तीसगढ़ से की जाएगी।

छग में महिला सशक्तिकरण उत्सव
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग में संयुक्त सचिव वाई.एस.के शेषु कुमार ने हरिभूमि से बातचीत में कहा कि इस बार 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आगाज छत्तीसगढ़ से ‘सशक्तिकरण उत्सव’ के साथ की जाएगी। इस कार्यक्रम का उद्घघाटन केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति जूबिन ईरानी करेंगी। इसके अलावा कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह, छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री प्रो.प्रेम प्रकाश पांण्डेय और एचआरडी मंत्रालय के केंद्र और राज्य स्तर के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

उत्सव की खास बातें
छत्तीसगढ़ में मनाए जाने वाले महिला सशक्तिकरण उत्सव में राज्य के अलग-अलग हिस्सों से करीब 5 हजार महिलाआें के पहुंचने की उम्मीद है। इसमें लगभग 80 फीसदी महिलाएं राज्य के ग्रामीण इलाकों से और बाकी 20 फीसदी स्कूली लड़कियां शामिल होंगी। कार्यक्रम में महिलाएं अपने घरेलू उत्पादों की प्रदर्शनी लगाएंगी। जिसमें वो छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक संसाधनों की मदद से तैयार किए गए उत्पादों के बारे में जानकारी देंगी।

कानूनी साक्षरता से रूबरू कराएगा मंत्रालय
एचआरडी मंत्रालय इस दौरान छत्तीसगढ़ी महिलाआें को कानूनी साक्षरता और जन-धन योजना पर तैयार की गई पुस्तकें वितरित करेगा। इन किताबों में लोगों को कानून से संबंधित उनके मूलभूत अधिकारों और जनधन योजना के बारे में सरल भाषा में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। वॉलेंट्री टीचर्स को समारोह में पुरस्कृत भी किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का इतिहास अमेरिका में सोशलिस्ट पार्टी के आवाहान के बाद 28 फरवरी 1909 में महिला दिवस मनाया गया। 1910 में सोशलिस्ट इंटरनेशनल के कोपेनहेगन के सम्मेलन में इसे अंतरराष्ट्रीय दर्जा दिया गया। उस समय इसका उद्देश्य महिलाआें को वोट देने का अधिकार दिलवाना था। क्योंकि उस समय ज्यादातर देशों में महिलाओं को वोट देने का अधिकार नहीं था। चीन, मेडागास्कर, मकदूनिया, नेपाल में 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को अवकाश दिया जाता है। रूस, तजाकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान,यूगांडा, यूके्रन, उजबेकिस्तान, वियतनाम और जाम्बिया में इस दिन आधिकारिक अवकाश रहता है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें